मालवांचल मित्र, नीमच: रामनवमी के पावन अवसर पर पुराने शहर नीमच सिटी में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री कुड़ी वाले बालाजी मंदिर समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी ने पूरे शहर को राममय बना दिया।
कोर्ट मोहल्ला स्थित श्री कुड़ी वाले बालाजी मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में सबसे आगे डीजे पर गूंजते भजनों ने युवाओं में जोश भर दिया। हाथों में केसरिया ध्वज लिए युवा “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़ते नजर आए। लेझिम की ताल और ढोल-ताशों की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
चल समारोह में अखाड़ों के युवाओं द्वारा किए गए शक्ति प्रदर्शन ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। मुगदर और भाना-भनेटी जैसे पारंपरिक शस्त्रों के साथ किए गए हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। झाबुआ से आई ढोल-ताशा पार्टी की प्रस्तुति ने आयोजन में और अधिक उत्साह भर दिया।
शोभायात्रा में शामिल विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। धनुषधारी भगवान श्रीराम का जीवंत स्वरूप, संजीवनी बूटी लेकर उड़ते हनुमान जी, शिवलिंग के साथ विराजित भगवान गणेश, राधा-रानी और महाकाल रूप में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके अलावा भालू और गोरिल्ला के वेश में कलाकारों की कलाबाजियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
शहर के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी, जिससे नीमच सिटी रोशनी से नहा उठी। जुलूस मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पोहा, रसना एवं जलपान की व्यवस्था की गई, जो सेवा भावना का प्रतीक रही।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दिलीपसिंह परिहार सहित कई जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वहीं, प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार अजेंद्रनाथ प्रजापत एवं सीएसपी किरण चौहान ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरे आयोजन की निगरानी की, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
रामनवमी के इस भव्य आयोजन ने नीमच सिटी में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया।