मालवांचल मित्र, नीमच: नगर की प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था कृति के वार्षिक निर्वाचन सर्वसम्मति से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए। इस निर्वाचन में ओमप्रकाश चौधरी को सर्वानुमति से अध्यक्ष चुना गया। उल्लेखनीय है कि वे करीब 20 वर्षों बाद तीसरी बार इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
निर्वाचन प्रक्रिया में रघुनंदन पाराशर को सचिव तथा राजेश जायसवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। अन्य पदाधिकारियों में श्रीमती निर्मला उपाध्याय (उपाध्यक्ष), श्याम टांकवाल (सहसचिव), कृष्ण कुमार शर्मा (प्रचार सचिव) तथा श्रीमती आशा साम्भर (महिला प्रकोष्ठ प्रभारी) को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यकारिणी समिति में अक्षय पुरोहित, नीरज पोरवाल, सत्येन्द्र सिंह राठौर एवं विनोद शर्मा को शामिल किया गया है। वहीं सलाहकार मंडल में किशोर जेवरिया, प्रकाश भट्ट, दर्शन सिंह गांधी, मंजुला धीर, जगदीश लोगड, डी. मित्तल, राधेश्याम पाटीदार, श्रीमती माधुरी चौरसिया और श्रीमती सविता चौधरी को मनोनीत किया गया।
संस्था के कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम संयोजन समूह का भी गठन किया गया। इसमें जीवन कौशिक, सत्येन्द्र सक्सेना, नरेंद्र पोरवाल, योगेश पाटीदार, कमलेश जायसवाल, महेंद्र त्रिवेदी, भरत जाजू, श्रीमती साधना सेवक, गणेश खंडेलवाल, मुकेश कासलीवाल एवं बाबूलाल गौड़ को शामिल किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया का सफल संचालन चुनाव अधिकारी कैलाश बाहेती ने किया। बैठक की शुरुआत में कोषाध्यक्ष राजेश जायसवाल ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जबकि सचिव कमलेश जायसवाल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी दी।
बैठक में संस्था की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए ओमप्रकाश चौधरी, सत्येन्द्र सिंह राठौर, श्रीमती साधना सेवक, श्रीमती मीना हरित, शरद पाटीदार, श्याम टांकवाल, किशोर जेवरिया, भरत जाजू एवं सत्येन्द्र सक्सेना सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार रखे।
निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अक्षय पुरोहित ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और पदाधिकारियों को सम्मानित किया। निर्वाचन के पश्चात नव निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत भी किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने कहा कि आने वाले वर्ष में सभी के सहयोग से संस्था की गतिविधियों को और अधिक विस्तार एवं नया स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से महिला सदस्यों से अपेक्षा जताई कि वे महिला प्रकोष्ठ के माध्यम से नए और नवाचारपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करें।
बैठक का संचालन एवं आभार प्रदर्शन पूर्व अध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह राठौर ने किया।