मालवांचल मित्र, नीमच: स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद नीमच लगातार सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी हुई है। इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) श्रीमती दुर्गा बामनिया ने बुधवार को शहर के वार्ड क्रमांक 26 एवं 34 का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान CMO ने सफाई कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर की जांच की और जो कर्मचारी लगातार अनुपस्थित पाए गए, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारियों को नियमित रूप से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा।
CMO बामनिया ने सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को कार्यस्थल पर यूनिफॉर्म (ड्रेस कोड) में रहने के सख्त निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल अनुशासन बना रहेगा बल्कि कार्य में पारदर्शिता भी आएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका कार्यालय रोड स्थित मधुबन के बाहर नाले में गंदगी पाए जाने पर CMO ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित स्वच्छता निरीक्षक एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक को तत्काल नाले की सफाई करवाने के निर्देश दिए और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक श्री भारत सिंह भारद्वाज एवं श्री अविनाश घेघट भी उपस्थित रहे।
नगर पालिका द्वारा लगातार किए जा रहे निरीक्षणों से साफ है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।