मालवांचल मित्र, नीमच: भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को शहर स्थित श्री दिगंबर जैन मांगलिक भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के वरिष्ठ नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों एवं अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद सुभाष पटेल, विधायक दिलीप सिंह परिहार, ओमप्रकाश सकलेचा, माधव मारू, पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेंद्र भटनागर, हेमंत हरित, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा, जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास एवं नरेंद्र मालवीय सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास द्वारा किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल के अवसर पर नए भाजपा कार्यालय का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद सुभाष पटेल ने जानकारी दी कि 7 से 12 अप्रैल तक स्वच्छता अभियान, ‘बस्ती चलो-गांव चलो’ अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान एवं सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
साथ ही 6 अप्रैल को स्थापना दिवस के दिन पार्टी कार्यालय को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा और सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराकर इस दिन को उत्सव के रूप में मनाएंगे।
बैठक को जिले के तीनों विधायकों ने भी संबोधित किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ। कार्यक्रम की जानकारी भाजपा जिला नीमच के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा द्वारा दी गई।