मालवांचल मित्र, नीमच: शहर के टीचर कॉलोनी स्थित श्री परमेश्वर महादेव मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
गुरुवार सुबह मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे और डीजे की भक्तिमय धुनों के साथ प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे चल रहे डीजे पर बजते बालाजी महाराज के भजनों पर युवा और श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। आयोजन का मुख्य आकर्षण विशेष रूप से सजाई गई बग्घी रही, जिसमें अंजनीलाल यानी बालाजी महाराज की मनोहारी प्रतिमा विराजित की गई थी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
यह शोभायात्रा टीचर कॉलोनी के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी, जहाँ स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जो पूरे आयोजन में भक्ति और उत्साह का विशेष केंद्र बनी रहीं। केसरिया ध्वजों और जयघोषों से पूरा क्षेत्र धर्ममय हो गया।
शोभायात्रा का समापन पुनः मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में हुआ, जहाँ विधिवत आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। मंदिर समिति के अनुसार, हनुमान जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया और दिनभर मंदिर में दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा।
इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक उत्सव की भावना को भी मजबूती प्रदान की।