मालवांचल मित्र, नीमच: जिले में दिव्यांगजनों के लिए एक सराहनीय और मानव सेवा से जुड़ी पहल की जा रही है। दिव्यांगजनों को परीक्षण के उपरांत आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने हेतु 19 से 23 मई 2026 तक एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर अन्नपूर्णा सेवा न्यास कार्यालय, नीमच में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
यह शिविर अम्बा माता धन्वंतरि शक्ति पीठ निपानिया, अन्नपूर्णा सेवा न्यास नीमच एवं आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। शिविर में कोलकाता के महावीर सेवा सदन से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान करेगी।
बैठक में शिविर के सफल संचालन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें दिव्यांगजनों के पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण, कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण, चिकित्सा सुविधा, भोजन एवं आवास व्यवस्था जैसी सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस पूरे आयोजन का मार्गदर्शन निपानिया धन्वंतरि शक्ति पीठ के महामंडलेश्वर 1008 श्री सुरेशानंद जी सरस्वती गुरुजी के सानिध्य में किया जा रहा है। बैठक में सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सेवा कार्य को सफल बनाने हेतु अपने सुझाव दिए।
बैठक के उपरांत पूज्य गुरुजी ने जिला चिकित्सालय में अन्नपूर्णा सेवा न्यास द्वारा संचालित ‘सम्बलम’ प्रकल्प का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने न्यास द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें और विस्तारित करने का आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर अन्नपूर्णा सेवा न्यास द्वारा गुरुजी का सम्मान भी किया गया।
यह शिविर दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक जरूरतमंदों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।