मालवांचल मित्र, नीमच: नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने गुरुवार को शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्य गुणवत्ता के साथ-साथ समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
सीएमओ बामनिया सबसे पहले सांवरिया जी मंदिर, नीमच सिटी के समीप सीएम मॉनिट योजना के अंतर्गत चल रहे नाला सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचीं। यहां उन्होंने पुलिया निर्माण का शेष कार्य शीघ्र पूरा करने तथा आसपास विकसित किए जा रहे बगीचे के क्षेत्र में सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने ग्वालटोली तलैया के पास अमृत 2.0 योजना के तहत संचालित वाटर बॉडी प्रोजेक्ट का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदार को कार्य में गति लाने और इसे जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को बेहतर जल संरचना और पर्यावरणीय लाभ मिल सके।
निरीक्षण के क्रम में सीएमओ बामनिया राठौर पार्क के पीछे नवनिर्मित संजीवनी क्लिनिक एवं डोम स्थल भी पहुंचीं। यहां उन्होंने नगर पालिका इंजीनियर को निर्देशित किया कि तैयार हो चुके संजीवनी क्लिनिक भवन का शीघ्र हस्तांतरण नगर पालिका को कराया जाए। साथ ही डोम के सामने साफ-सफाई सुनिश्चित करने और पेवर ब्लॉक लगाने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान लोक निर्माण शाखा के लिपिक अब्दुल नईम, अर्जुन सिंह राठौर एवं बगीचा शाखा प्रभारी महावीर जैन सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
सीएमओ बामनिया ने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि शहर के विकास कार्यों का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके।