मालवांचल मित्र, नीमच: श्री दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन का 30वां राष्ट्रीय अधिवेशन 12 अप्रैल 2026 को तीर्थ क्षेत्र चांदखेड़ी में अत्यंत आत्मीयता, गर्मजोशी और भव्यता के साथ आयोजित हुआ। इस विशाल आयोजन में देशभर के 380 से अधिक ग्रुप्स के करीब 2000 प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अधिवेशन का सफल संचालन उज्जैन रीजन के नवीन जैन एवं उनकी टीम के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य ध्वज वंदन, साधु ध्वज वंदन और अहिंसा ध्वज वंदन से हुई। विशेष रूप से अहिंसा ध्वज वंदन का सौभाग्य नीमच की श्रीमति आभा अनिल विनायका को प्राप्त हुआ, जो शहर के लिए गौरव का विषय रहा।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सेवा गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ग्रुप्स और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप सीनियर सिटीजन की अध्यक्ष श्रीमति आभा विनायका को ‘श्रेष्ठ अध्यक्ष’ अवार्ड से नवाजा गया। इसके साथ ही उन्हें मानव सेवा, पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक गतिविधियों और मनोरंजन क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप जैन आदित्य उपस्थित रहे। वहीं ‘हुकुम काका’ चांदखेड़ी के अध्यक्ष मनोहर झांझरी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
अधिवेशन के दौरान विभिन्न ग्रुप्स द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। साथ ही सभी ग्रुप्स द्वारा बैनर प्रेजेंटेशन किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में रीजन सचिव मनीष जैन ने आभार व्यक्त किया। शाम को हाई-टी के साथ इस भव्य अधिवेशन का समापन हुआ।
यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता और सेवा भावना का प्रतीक बना, बल्कि विभिन्न ग्रुप्स के बीच आपसी समन्वय और प्रेरणा का भी सशक्त मंच साबित हुआ।