मालवांचल मित्र, नीमच: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम मंगलवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषित किया। इस वर्ष प्रदेशभर से करीब 16 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे।
रिजल्ट घोषित होते ही नीमच जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं की प्राविण्य सूची में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है।
शासकीय सांदीपनि कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, नीमच कैंट की छात्रा कु. प्रियांशी (पिता – गणपत) ने 500 में से 495 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं विजडम पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय, न्यू इंदिरा नगर, नीमच की कु. मंतशा गौरी (पिता – जाहिद हुसैन) ने 490 अंक प्राप्त कर प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया।
इसके साथ ही जिनेंद्र एज्यूकेशन एकेडमी, सिंगोली की कु. प्रांजल सोनी (पिता – सुनील सोनी) ने भी 490 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में दसवां स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।
इन होनहार छात्राओं की इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
(रिपोर्ट: मालवांचल मित्र)